- आईटी कंपनियों के बीच 450 मीटर की सड़क बनेगी मॉडल रोड, 2.40 करोड़ रुपये की लागत अनुमानित
- फुटपाथ, सुरक्षित पैदल क्रासिंग, सजावटी लाइटिंग के साथ बेंच भी लगेंगी, उद्यान विभाग करेगा सौंदर्यीकरण
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-126 में आईटी कंपनियों के बीच की सड़क को मॉडल रोड बनाने का काम शुरू हो गया है। नोएडा प्राधिकरण अब यहां पर पहले 450 मीटर की सड़क को मॉडल रोड में बदलेगा। इसके निर्माण में 2.40 करोड़ रुपये की लागत अनुमानित है। बृहस्पतिवार को प्राधिकरण की तरफ से निर्माण एजेंसी को स्थल सौंप दिया गया है। अगले पांच महीने में एजेंसी को परियोजना से जुड़े काम पूरे करने हैं। यह शहर की दूसरी मॉडल रोड होगी। इसके पहले शशि चौक सेक्टर-38 से सेक्टर-32 ए सिटी सेंटर मॉल तक पहली मॉडल रोड प्राधिकरण ने बनवाई हुई है।
सेक्टर-126 मॉडल रोड के बारे में प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि परियोजना को आईटी कंपनी के कर्मियों की सुविधाओं को देखते हुए तैयार कराया गया है। सड़क के दोनों तरफ चौड़ा फुटपाथ बनवाया जाएगा। फुटपाथ पर छाया के लिए पेड़ होंगे और बैठने के लिए बेंच लगाई जाएंगी। इसके साथ ही खाली और कच्ची जगह में घास भी लगेगी। पैदल चलने वाले सुरक्षित सड़क पार कर सकें इसके लिए क्रासिंग बनवाई जाएंगी। दिव्यांगों के लिए फुटपाथ पर चढ़ने को विशेष रैंप भी बनवाए जाएंगे। यहां बिजली के डेकोरेटिव व कम ऊंचाई वाले पोल लगवाए जाएंगे।
प्राधिकरण के जीएम एके अरोड़ा ने बताया कि मॉडल रोड के निर्माण से जुड़े काम शुरू करा दिए गए हैं। पहले मौजूद क्षतिग्रस्त फुटपाथ को तोड़ा जाएगा। फिर नया फुटपाथ, सड़क, नाली व बेंच का निर्माण होगा।