बदमाशों ने दिनदहाड़े कांग्रेसी नेता का कार समेत अपहरण कर 37,500 रुपये लूट लिए। उनके डेबिट कार्ड से 18000 रुपये एटीएम से निकाले। 3 घंटे तक बदमाश, कांग्रेसी नेता को शहर में घुमाते रहे और अंधेरा होने पर नशीला पदार्थ पिलाकर खोदना खुर्द के पास फेंककर टोयोटा कैमरी कार समेत फरार हो गए। हालांकि, पेट्रोल खत्म होने की वजह से आरोपी कुछ दूरी पर ही कार को भी छोड़ गए। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-20 कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-37 के अंबेडकर नगर निवासी मुबिद अख्तर कांग्रेस साउथ जोन के ब्लाक अध्यक्ष हैं। शुक्रवार को करीब साढे़ चार बजे मुबिद अपनी टोयोटा कैमरी कार से किसी काम से सेक्टर-29 स्थित गंगा शॉपिंग मॉल गए थे। काम खत्म कर 15 मिनट में कार के पास वापस लौटे। जैसे ही उन्होंने दरवाजा खोला तीन बदमाश परिचित बनकर कार में घुस आए। एक ने पेचकश से हमला कर मुबिद को घायल कर दिया वहीं दूसरे ने पिस्टल दिखाकर डराया। बदमाशों ने मुबिद को सीट बेल्ट से बांध दिया और शहर में घुमाने लगे।
जब भी पुलिस दिखाई देती तो आरोपी कांग्रेसी नेता को पिस्टल की बट या मुक्का मारकर चुप करा देते थे। करीब तीन घंटे बदमाश कार में कांग्रेस नेता को घुमाते रहे। इस दौरान कई जगह कार पुलिस के सामने से निकली, लेकिन कहीं भी कार को चेकिंग के लिए नहीं रोका गया। जब अंधेरा होने लगा तो बदमाशों ने मुबिद से 37,500 रुपये लूट लिए और एटीएम कार्ड का पिन पूछकर उन्हें जबरन नशीला पदार्थ पिला दिया। बेसुध होने पर कांग्रेस नेता को सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। करीब दो से तीन घंटे बाद जब कांग्रेसी नेता को होश आया तो पैदल ही तिलपता गोलचक्कर पहुंचकर लोगों से मदद मांगी और परिजनों को घटना की सूचना दी।
परिजन वहां से मुबिद को लेकर सूरजपुर कोतवाली पहुंचे। लेकिन कोतवाली पुलिस ने मामला नोएडा सेक्टर-20 का बताकर वहां भेज दिया। सूचना पर सेक्टर-20 कोतवाली पुलिस पीड़ित को घटना स्थल सहित अन्य स्थानों पर लेकर गई। खोदना खुर्द के पास ही पीड़ित की कार, मोबाइल और एटीएम बरामद हुए। पीड़ित मुबिद ने बताया कि कार का पेट्रोल खत्म होने की वजह से बदमाश कार छोड़कर फरार हो गए।
भीड़ वाले स्थान से अपहरण
गंगा शॉपिंग मॉल के पास जिस समय कांग्रेसी नेता का अपहरण हुआ, वहां काफी लोग मौजूद थे। बदमाशों ने बड़ी चतुराई से अपहरण कर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया और आसानी से फरार भी हो गए। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पुलिस की सुरक्षा-व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। सेक्टर-31 निवासी हरेंद्र सिंह का कहना है कि जब दिनदहाड़े इस तरह की घटनाएं हो रही हैं तो लोग सुरक्षित कैसे महसूस करें। कमिश्नरी बनने के बाद भी बदमाश इस तरह के अपराध कर रहे हैं।
पीछे चल रही थी बदमाशों की कार
कांग्रेस नेता के अनुसार बदमाशों ने रैकी कर वारदात को अंजाम दिया। अपहरण के दौरान भी बदमाशों की कार उनकी टोयोटा कैमरी कार के पीछे चल रही थी। कुछ देर सेंट्रो कार से पीछा किया गया, जबकि कुछ देर उन्हें स्विफ्ट डिजायर कार नजर आए। नशीला पदार्थ पिलाने के बाद मुबिद को पता नहीं चला कि ग्रेनो वेस्ट में बदमाश दूसरी कौन सी कार से चल रहे थे।
कांग्रेसियों ने दी धरना प्रदर्शन की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने शनिवार सुबह सेक्टर-20 कोतवाली पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द बदमाशों को गिरफ्तार नहीं किया गया तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेसियों ने कोतवाली में सांकेतिक धरना-प्रदर्शन भी किया। इस दौरान महानगर अध्यक्ष शहाबुद्दीन, पुरुषोत्तम नागर, सतेंद्र शर्मा, लियाकत अली, रिजवान चौधरी और मजहर हुसैन आदि मौजूद रहे।
कांग्रेसी नेता के साथ हुई घटना की रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से बदमाशों की पहचान की जा रही है। जल्द आरोपियों को पकड़कर वारदात का खुलासा किया जाएगा।
रणविजय सिंह, एडीसीपी, नोएडा जोन