आप के राष्ट्रीय प्रभारी ने किया भाजपा-कांग्रेस की मिलीभगत का दावा
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने दावा किया है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा व कांग्रेस में मिलीभगत थी। पार्टी मुख्यालय में शनिवार को आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि इस बात का संकेत चुनाव आयोग की तरफ से जारी पार्टियों को मिले चंदे के आंकड़े दे रहे हैं। कांग्रेस को 44 करोड़ रुपये नकद चंदा मिला था, जबकि उसका कोई अस्तित्व नहीं था। सर्वे में भी कांग्रेस कोई सीट जीत रही थी। फिर भी उसे इतने रुपये किसने दिए।
मुख्य मुकाबला आप और भाजपा में था, तब भी आप को कैश में मात्र 2 हजार रुपये मिले और भाजपा को एक भी रुपया नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस को मिले रुपयों पर भाजपा की जांच एजेंसियों की चुप्पी से साफ है कि इस पैसे का इस्तेमाल आप के बड़े नेताओं को चुनाव में हराने में किया गया। विधानसभा चुनाव के समय बार-बार यह सवाल उठ रहा था कि क्या भाजपा के इशारे पर मिलीभगत कर कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा का चुनाव लड़ा। आप के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यह आरोप लगाया था कि आप के बड़े नेताओं की सीटों को टारगेट कर कांग्रेस को भाजपा फाइनेंस कर रही थी। भाजपा की तरफ से कांग्रेस को पैसा मुहैया कराया जा रहा था, ताकि वह वोट का बंटवारा कर भाजपा को फायदा पहुंचा सके।