-बृहस्पतिवार को लखनऊ में सीएजी आपत्तियों पर सुनवाई आगे नहीं बढ़ी
माई सिटी रिपोर्टर,
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के कामकाज पर लगी सीएजी की ऑडिट आपत्तियों पर सुनवाई कर रही लोक लेखा समिति (पीएसी) ने नोएडा प्राधिकरण से पिछली सुनवाईयों में दिए गए निर्देश पर जवाब मांगा है। पीएसी ने नोएडा प्राधिकरण से पिछली 10 सुनवाइयों के निर्देशों पर अनुपालन रिपोर्ट देने के लिए कहा है। इसके बाद आगे अन्य आपत्तियों पर सुनवाई होगी। प्राधिकरण अगली सुनवाई में यह रिपोर्ट पीएसी को देगा। सुनवाई की अगली तारीख 15 दिन के अंदर होने का अनुमान है।
सीएजी ने नोएडा प्राधिकरण के अलग-अलग विभागों के फैसलों पर 30 हजार करोड़ रुपये घाटे की आपत्तियां लगाई हुई हैं। सीएजी की यह रिपोर्ट विधानसभा में रखी जा चुकी है इसके बाद लोक लेखा समिति आपत्तियों के निस्तारण पर सुनवाई कर रही है। बृहस्पतिवार को 11 वीं सुनवाई लखनऊ में थी। इस सुनवाई में सीएजी की आपत्तियों पर प्राधिकरण का पक्ष रखने के लिए नोएडा प्राधिकरण से एसीईओ संजय खत्री, सतीश पाल, वंदना त्रिपाठी सहित अन्य अफसर गए हुए थे। बैठक में प्राधिकरण अधिकारी विभागवार आपत्तियों का जवाब बनाकर ले गए थे। लेकिन नई आपत्तियों पर सुनवाई नहीं हुई। समिति के अध्यक्ष ने कहा कि पिछली 10 बैठकों में रखी गई आपत्तियों पर प्राधिकरण की तरफ से जवाब देने के बाद पीएसी ने भी निर्देश दिए हैं। समिति के किन-किन निर्देशों का नोएडा प्राधिकरण ने पालन किया है, यह रिपोर्ट बनाकर दी जाए। इसके बाद आगे की सुनवाई होगी।