राजकीय इंटर कॉलेज में छात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए बैठक
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। शैक्षणिक सत्र के सुचारू संचालन और छात्रों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए सोमवार को राजकीय इंटर कॉलेज में बैठक हुई। इसमें सभी कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने का निर्देश दिया गया। यू-डाइस पोर्टल पर सूचनाओं को शत-प्रतिशत अपडेट करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर ने बताया कि प्रधानाचार्यों को ट्रैक शिक्षा पोर्टल पर सिविल कार्य, वोकेशनल लैब, आईसीटी व समग्र शिक्षा के अंतर्गत संचालित सभी योजनाओं को अपडेट करने के लिए कहा गया। इसके अलावा प्रत्येक माह की पहली तारीख तक व्यय रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
इंस्पायर अवार्ड में अधिक से अधिक कराएं नामाकंन
छात्राओं के लिए रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण को नियमित रूप से संचालित करने तथा पंख पोर्टल के माध्यम से करियर मार्गदर्शन सत्र नियमित कराने पर भी चर्चा हुई। खान एकेडमी कार्यक्रम के अंतर्गत अधिक से अधिक छात्रों का पंजीकरण कराकर उनका कोर्स पूरा कराने के निर्देश दिए गए। इंस्पायर अवार्ड के तहत अधिक से अधिक छात्रों का नामाकंन कराने के लिए कहा गया है।