- वेटलिफ्टिंग, बॉक्सिंग, वुशू, कराटे, ताइक्वांडो फुटबॉल, खो-खो और जिम्नास्टिक में होंगे मुकाबले
ग्रेटर नोएडा (संवाद)। गौतमबुद्ध नगर में तीन दिवसीय राष्ट्रीय डीएवी खेल प्रतियोगिता का आगाज हो गया। पहले दिन शनिवार को सभी खिलाड़ियों को शारीरिक प्रशिक्षण दिया गया। महिला-पुरुष वर्ग के खिलाड़ी वेटलिफ्टिंग, वुशू, बॉक्सिंग, कराटे, कुश्ती, ताइक्वांडो, खो-खो, फुटबॉल और जिम्नास्टिक में अपनी प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता के मुकाबले ग्रेनो के सूरजपुर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम, शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स व वाईएमसीए और ग्रेनो वेस्ट के बिसरख स्थित स्पोर्टीज जिम्नास्टिक हाई परफॉर्मेंस सेंटर में आयोजित जाएंगे। मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में वेटलिफ्टिंग, वुशू और बॉक्सिंग के मुकाबले होंगे। वाईएमसीए में खो-खो स्पर्धा में मैच होंगे।
वहीं, शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कराटे, कुश्ती, फुटबॉल और ताइक्वांडो के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसी क्रम में ग्रेनो वेस्ट के बिसरख स्थित स्पोर्टीज जिम्नास्टिक हाई परफॉर्मेंस सेंटर में जिम्नास्टिक के मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता तीन दिनों तक चलेगी।