- 30 मिनट से ज्यादा का समय कालिंदी कुंज पुल को पार करने में लगता था
- डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे के ट्रायल के लिए खुलने से कम हुआ कालिंदी कुंज पर ट्रैफिक,
- राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल के सामने से बनी रैंप से होकर सीधे डीएनडी पर चढ़ रहे वाहन
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। 1.4 किलोमीटर के जिस कालिंदी कुंज पुल काे पार करने में अभी तक 30 मिनट से ज्यादा का समय लगता था अब सिर्फ दस मिनट में वाहन दूसरे छोर पर पहुंच जाते हैं। डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे को ट्रायल के लिए खोले जाने के बाद कालिंदी कुंज पुल पर ट्रैफिक का दबाव कम हुआ है। अब दिल्ली जाने वाले कई वाहन कालिंदी कुंज के बजाय डीएनडी की ओर शिफ्ट हो रहे हैं। इससे पीक समय में कालिंदी कुंज पुल पार करने में लगने वाला समय कम हुआ है।
सालों से कालिंदी कुंज मार्ग पर जाम से लोग जूझ रहे हैं। पीक समय में हाल तो ऐसा रहता था कि एक वाहन को एक्सलारेट करने पर पूरा पहिया भी घूमकर आगे नहीं बढ़ पाता था। इस कदर का ट्रैफिक कालिंदी कुंज पुल पर रहता था। शाहीन बाग, ओखला विहार, मदनपुर खादर, फरीदाबाद समेत अन्य रूटों पर जाने वाले लोगों को रोजाना इस मार्ग पर फंसकर देरी होती थी। सुबह-शाम के समय 3 घंटे तक मार्ग वाहनों से पैक रहता था। अब वाहन चालकों को काफी हद तक राहत मिल गई है।
राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल के सामने डीएनडी को जाने वाली रैंप पर बढ़ रहा दबाव
डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे के ट्रायल के लिए खुलने के बाद नोएडा से दिल्ली जाने वाले वाहनों को एक और रास्ता मिल गया है। राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल के सामने से बनी रैंप के जरिये वाहन सीधे डीएनडी पर चढ़ रहे हैं। इससे कालिंदी कुंज की ओर जाने वाले वाहनों की संख्या में कमी आई है। पहले दिल्ली जाने वाले अधिकतर वाहन कालिंदी कुंज पुल की ओर जाते थे, जिससे पीक समय में पुल पर लंबा जाम लग जाता था। अब राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल के सामने से चढ़ रही डीएनडी को जाने वाली रैंप पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है। इससे यहां पर जाम के हालात बन रहे हैं।
दिल्ली जाने वालों को मिला वैकल्पिक मार्ग
डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे के ट्रायल के लिए खुलने से नोएडा से दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों को एक वैकल्पिक रास्ता मिल गया है। इससे कालिंदी कुंज पुल पर निर्भरता कम हुई है। पीक समय में जाम से राहत मिलने के कारण वाहन चालकों का समय भी बच रहा है। एक्सप्रेसवे के नियमित संचालन के बाद ट्रैफिक व्यवस्था में भी सुधार आएगा।
नोएडा। कालीन्दी कुंज की खाली सडक । फोटो अमर उजाला