माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-81 स्थित सलारपुर में कम्युनिटी हॉल के निर्माण को प्राधिकरण से मंजूरी मिलने के बाद बुधवार को किसान संगठन के पदाधिकारियों ने सीईओ कृष्ण करुणेश से मुलाकात कर आभार जताया। संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में शादी और अन्य कार्यक्रमों के लिए किफायती व व्यवस्थित स्थान की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जो अब पूरी होने जा रही है।
प्राधिकरण ने 21 जुलाई को निर्माण के लिए निविदाएं आमंत्रित की थीं। प्रस्ताव के मुताबिक कम्युनिटी हॉल के निर्माण पर करीब 576.97 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके लिए 4613.26 वर्गमीटर जमीन निर्धारित की गई है। इसमें 486.08 वर्गमीटर क्षेत्र में दो मंजिला भवन बनाया जाएगा। भवन को आकर्षक ग्रीक थीम पर तैयार किया जाएगा।
भूतल पर डबल-स्टोरी हॉल, रिसेप्शन एरिया और महिला-पुरुषों के लिए अलग शौचालय होंगे। साथ ही अटैच्ड वॉशरूम वाले ब्राइडल और ग्रूम रूम बनाए जाएंगे। प्रथम तल पर विशाल हॉल और अटैच्ड वॉशरूम वाले चार कमरे होंगे। इससे सलारपुर समेत आसपास के ग्रामीणों को कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।