ओपीडी और इमरजेंसी में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को हुई मुश्किल
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। लोकनायक अस्पताल में वीवीआईपी के आवागमन के कारण सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है। अस्पताल की किलेबंदी होने से मंगलवार सुबह ओपीडी में उपचार के लिए आने वाले आम मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। मरीज प्रवेश पाने के लिए एक गेट से दूसरे गेट तक भटकते रहे।
इमरजेंसी में उपचार के लिए आने वाले मरीज भी हैरान-परेशान दिखे। इमरजेंसी गेट के बाहर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी। प्रवेश द्वार पर दिल्ली पुलिस से लेकर अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों ने मोर्चा संभाल रखा था। अस्पताल में प्रवेश के लिए मरीजों को मशक्कत करते दिखे। अस्पताल के कागज दिखाने पर भी सुरक्षाकर्मी प्रवेश नहीं करने दे रहे थे। इसे लेकर मरीजों व तीमारदारों के बीच नाराजगी देखने को मिली। मरीज ओपीडी में दिखाने के लिए हड्डी रोग विभाग के ब्लॉक की ओर से जाते दिखे जबकि इमरजेंसी की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर पुलिस तैनात थी। किसी को भी बेवजह प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा था। इमरजेंसी ब्लॉक के पास बने जन औषधि केंद्र तक भी दवा खरीद के लिए मरीजों को रोका जा रहा था।
-
जन औषधि केंद्र से दवा लेने के लिए जाना था लेकिन गेट पर तैनात सुरक्षाकर्मियों ने लौटा दिया। डॉक्टर ने पर्चे पर दवा लिखकर दी। - राहुल, तीमारदार
-
अस्पताल में भर्ती हमारे मरीज की सुबह छुट्टी कर दी गई। दवा खरीदनी है लेकिन गेट बंद कर रखा है। कम से कम उपचार के लिए आने वाले मरीजों को तो परेशान न किया जाए। -वासिद, तीमारदार