नई दिल्ली। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने श्रीवेंकटेश्वर कॉलेज के प्राचार्य पर फलस्तीन संबंधी कार्यक्रम के आयोजन को लेकर छात्रों को धमकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने प्राचार्य पर कार्रवाई की मांग की है। आइसा की ओर से कॉलेज में फलस्तीन विषय पर भगत सिंह-अंबेडकर स्टडी सर्किल की बैठक का आयोजन किया जाना था। आरोप है कि कार्यक्रम के शुरू होने से पहले कॉलेज के अधिकारियों ने हमारे दो साथियों को बुलाकर परेशान किया। इनमें प्राचार्य भी शामिल थे। हालांकि कॉलेज प्राचार्य प्रो. वी. रवि ने आइसा की ओर से लगाए आरोप को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के आयोजन को लेकर कोई अनुमति नहीं ली गई थी। परिसर में नियमों के खिलाफ जाकर पोस्टर चिपकाए गए। सोसाइटी भी पंजीकृत नहीं थी। छात्रों को बुलाकर सिर्फ यह चेतावनी दी गई थी कि अगर वह नियमों के खिलाफ कुछ करेंगे तो उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो