लोहे की रॉड से हमला कर की सहकर्मी की हत्या
- शराब पार्टी के दौरान हुई कहासुनी, साथियों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
जेवर। कन्फेक्शनरी में काम करने वाले कर्मी बनारसी सैनी ने सोमवार रात मामूली कहासुनी में लोहे की रॉड से हमला कर सहकर्मी धीरेंद्र कुमार (32) की हत्या कर दी। वहीं, आरोपी बनारसी को अन्य साथियों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि जेवर-खुर्जा रोड स्थित पाराशर कन्फेक्शनरी में काम करने वाले कर्मचारी काम करने के बाद छत पर सोने के लिए गए थे। तभी औरैया के थाना जगन्नाथपुर निवासी धीरेंद्र और खुर्जा निवासी बनारसी सैनी एक अन्य कर्मी के साथ बैठकर शराब पीने लगे। इन दोनों में दोस्ती थी। शराब पीने के दौरान बनारसी और धीरेंद्र में कहासुनी हो गई। इस दौरान तीसरे साथी ने बीच बचाव किया। शराब पीने के बाद तीनों सोने चले गए। लेकिन नशे में धुत बनारसी रात लगभग 11 बजे अचानक उठा और छत पर रखा लोहे का सरिया उठा लाया। उसने धीरेंद्र के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। शोर सराबा सुनकर पहुंचे अन्य कर्मी मौके पर पहुंच गए और धीरेन्द्र को अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से सीसीटीवी की डीवीआर समेत अन्य साक्ष्य एकत्रित किए। मंगलवार सुबह औरैया से पहुंचे मृतक के भाई नरेंद्र ने बनारसी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है।
सीसीटीवी में कैद हुई घटना, जान बचाने के लिए दौड़ता दिखा
कन्फेक्शनरी संचालक ने छत पर भी सीसीटीवी लगाया हुआ है। छत पर शराब पीने और धीरेंद्र पर हमले की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। आरोपी से जान बचाने के लिए घायल धीरेंद्र दौड़ता दिखाई दे रहा है। लेकिन कुछ देर में ही धीरेंद्र छत पर गिर पड़ा। छत पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने आरोपी बनारसी सैनी को पकड़ लिया और संचालक मनोज पाराशर को सूचना दी।
शराब में वेतन उड़ाने पर हुई कहासुनी
आरोपी बनारसी ने पुलिस को बताया कि वह अपना सारा वेतन शराब में उड़ा देता था। इसके लिए बनारसी धीरेंद्र को जिम्मेदार ठहरा रहा था। बनारसी का कहना है कि धीरेंद्र खुद रुपये खर्च नहीं करता था। इसके चलते बनारसी के रुपये खर्च होते है। वहीं, धीरेंद्र कह रहा था कि वह भी अपने रुपये खर्च करता है। इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई थी।