बुधवार देर रात जेएन मेडिकल कॉलेज में सीएमओ ने कश्मीरी छात्र के साथ अभद्रता कर दी। इस पर कश्मीरी छात्रों ने हंगामा कर दिया। छात्रों ने सीएमओ के खिलाफ नारेबाजी की।
बुधवार रात 12:30 बजे मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी में एक कश्मीरी छात्र इलाज करने पहुंचा था। जल्दी इलाज करने की बात पर जूनियर डॉक्टर भड़क गए। छात्र और जूनियर डॉक्टर में बहस होने लगी। आरोप है कि जूनियर डॉक्टर ने गोली से मारने की धमकी दी। इसके बाद छात्र ने कश्मीरी छात्र जुबैर को जानकारी दे दी। थोड़ी देर में 30 छात्र इमरजेंसी पहुंच गए और हंगामा करने लगे।
जुबैर ने बताया कि सीएमओ ऑफिस में जूनियर डॉक्टर ने अपनी गलती पर माफी मांग ली। इसी बीच आए सीएमओ ने उनके साथ अभद्रता कर दी। इससे नाराज होकर कश्मीरी छात्र हंगामा करने लगे। सीएमओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में बृहस्पतिवार को प्रॉक्टर ऑफिस में शिकायत करेंगे। इस संबंध में असिस्टेंट डॉक्टर डॉक्टर मोहम्मद अनस ने बताया कि प्रकरण को सुलझा लिया गया है।