- शाम 5:24 बजे पूर्व राज्यपाल के घर पहुंचा मुख्यमंत्री का काफिला, छावनी में तब्दील हुआ सेक्टर
नोएडा। पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्रा की पत्नी सत्यवती मिश्रा के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को उनके आवास पर पहुंचे। सेक्टर-51 स्थित घर पहुंचकर मुख्यमंत्री ने सत्यवती मिश्रा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की सांत्वना दी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री को शाम 4:35 बजे पूर्व राज्यपाल के घर पहुंचना था, लेकिन ग्रेटर नोएडा स्थित कार्यक्रम में अधिक समय रुकने के कारण उनका काफिला शाम 5:24 बजे पहुंचा और वे 5:48 बजे वहाँ से रवाना हो गए।
इस दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, सांसद डॉ. महेश शर्मा, नोएडा विधायक पंकज सिंह, पूर्व मंत्री बालेश्वर त्यागी, जिला प्रभारी डीके शर्मा, जिलाध्यक्ष महेश चौहान, पूर्व मंत्री वीरेंद्र तिवारी, एमएलसी विजय पाठक, विनोद त्यागी, जिला महामंत्री अमित त्यागी, ओमवीर अवाना, चंदगीराम यादव, शशि मिश्रा, अखिलेश मिश्रा, डॉ. हेमलता द्विवेदी, पद्मेश द्विवेदी, अमित मिश्रा, शिखा मिश्रा, राजन मिश्रा, डॉ. सुषमा मिश्रा और अक्षत मिश्रा आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।
काफिला गुजारने के लिए रोका गया ट्रैफिक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिवालिक पार्क स्थित हेलीपैड पहुंचे, जहाँ से उनका काफिला मोरना बस डिपो होते हुए सेक्टर-51 पहुँचा। मुख्यमंत्री के आने-जाने के दौरान लगभग चालीस मिनट से अधिक समय तक सुरक्षा कारणों से रास्ते का ट्रैफिक रोक दिया गया। होशियारपुर से बॉटनिकल गार्डन जाने वाले मार्ग पर वाहनों का आवागमन थम गया, जिससे लोगों को थोड़ी असुविधा हुई। मुख्यमंत्री के रवाना होने के आधे घंटे बाद तक भी आसपास की मुख्य सड़कों पर यातायात का भारी दबाव बना रहा।