उन्होंने अधिकारियों से कहा कि इस परियोजना को आधुनिक तकनीक और वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित किया जाए, ताकि राज्य में निवेश आकर्षित हो और रोजगार सृजन में वृद्धि हो। इस सेमीकंडक्टर पार्क के बनने से लगभग 3 हजार लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे। इसके अलावा, उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि परियोजना के संचालन में पर्यावरणीय मानकों का पालन किया जाए और स्थानीय लोगों को इससे अधिकतम लाभ मिले। इस बैठक में तीनों प्राधिकरणों के मुख्य कार्यपालक अधिकारी, जिलाधिकारी, पुलिस आयुक्त समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
हेलीपैड से सीधे पहुंचे कुलपति के घर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हिंडन से हेलीकॉप्टर से नोएडा आए और उनका हेलीकॉप्टर सेक्टर-38 स्थित हेलीपैड पर उतरा। वहां पुलिस, प्रशासन व प्राधिकरण के अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद वह काफिले के साथ सेक्टर-29 स्थित महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के कुलपति डा. सुरेंद्र सिंह के घर पहुंचे और बीस मिनट से अधिक समय तक रूके। वहां सुरेंद्र सिंह की बेटी की शादी में शामिल हुए और नव दंपति को आशीर्वाद व शुभकामनाएं दीं। इसके बाद यहां से हेलीपैड पर पहुंचे और वहीं पर अधिकारियों के साथ बैठक की।
भाजपा जिलाध्यक्ष व महानगर अध्यक्ष ने की मुलाकात
मुख्यमंत्री के नोएडा दौरे पर भाजपा नोएडा महानगर के अध्यक्ष महेश चौहान व जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने किसानों को उनके 5 प्रतिशत आबादी प्लॉट शीघ्र उपलब्ध कराने व लंबित विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराने की मांग की। मुख्यमंत्री ने इस पर संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया। इस मौके पर पूर्व मंत्री नबाब सिंह नागर, पूर्व विधायक विमला बाथम, फेानरवा अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा, एनईए अध्यक्ष विपिन मल्हन , विनोद शर्मा , राजकुमार बंसल, मनोज चौहान, भूपेश चौधरी अर्पित मिश्रा समेत बूथ अध्यक्ष व शक्ति केंद्र संयोजक उपस्थित थे।
टाइमलाइन
दोपहर बाद 3.30 बजे - सीएम जीआईपी हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से उतरे।
3.35 बजे: सीएम का काफिला हेलीपैड से निकला।
3.45 बजे: सीएम का काफिला सेक्टर-29 स्थित कुलपति निवास पर पहुंचा।
4.20 बजे: सेक्टर-29 से हेलीपैड के लिए निकले।