सचिवालय में आयोजित बैठक में किसानों की अपेक्षाओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा
सीएम ने कहा- किसानों से मिलकर बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम जल्द पूरे होंगे
सरकार किसानों के लिए हमेशा उपलब्ध रहेगी और समस्याओं का हल होगा : प्रवेश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
विकसित दिल्ली बजट-2025 के लिए शनिवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली के किसानों के साथ बैठक की। दिल्ली सचिवालय में आयोजित बैठक में उनकी अपेक्षाओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस संवाद का उद्देश्य किसानों की समस्याओं को समझना, सुझावों को बजट में शामिल करने के अलावा कृषि को बढ़ावा देना व देहात में विकास कार्य में तेजी लाना रहा। किसानों ने तालाब के सौंदर्यीकरण, ग्राम सभा की जमीन का उपयोग, बिजली कनेक्शन, लालडोरा बढ़ाना, आधुनिक सिंचाई पद्धतियों, केंद्र की योजनाओं का लाभ आदि विषय प्रमुखता से उठाए।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि विकसित दिल्ली बजट का प्रारूप तैयार करने में किसानों की अपेक्षाओं और सुझावों को शामिल किया जाएगा। वे न केवल अन्नदाता हैं, बल्कि शहर के पर्यावरण को हरित और स्थिर बनाए रखने में भी अहम योगदान निभाते हैं। सरकार की यह कोशिश रहेगी कि संवाद के दौरान उठाए गए मुद्दों पर आवश्यक कदम उठाए जाएं। किसानों की अपेक्षाओं और जरूरतों को समझकर कार्य करें। उनकी भूमिका अन्नदाता से कहीं अधिक है। सरकार किसानों के साथ मिलकर बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कामों को जल्द पूरा करेगी। साथ ही, उनकी आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को आधुनिक एवं पर्यावरण-अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। सीएम ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि दिल्ली में अब दोषारोपण करने वाली सरकार नहीं है, बल्कि काम करने वाली सरकार है। दिखावे के लिए जनता से संवाद नहीं किया जाता है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली सरकार गांवों के बुनियादी सुविधा से संबंधित कार्य शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली से संबंधित कामों को जल्द पूरा करेगी। सरकार किसानों के लिए हमेशा उपलब्ध रहेगी और सारी समस्याओं का हल होगा।