आज भी येलो अलर्ट, बारिश होने की पूरी संभावना
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर में शुक्रवार सुबह से तेज धूप खिल आई थी और ऐसा लग रहा था जैसे मौसम खुल गया है लेकिन दोपहर 1.30 बजे से तेज बारिश शुरू हो गई और कुछ ही देर में पूरा शहर भीग गया। इसके बाद से धूप की लुका-छिपी लगी रही और रुक-रुककर बारिश भी होती रही। बारिश की वजह से मेट्रो स्टेशनों और फुटओवर ब्रिज के नीचे लोग खड़े हो गए थे ऐसे में जगह-जगह जाम लग गया। हालांकि तेज बारिश के बाद भी उमस से राहत नहीं मिली। आईएमडी की रिपोर्ट में आर्दता 99 प्रतिशत दर्ज की गई जो सामान्य से 39 प्रतिशत अधिक है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, पहले ही बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया था। ऐसे में बारिश ने पूरे दिन शहर को भिगोया। शाम को पांच बजते ही फिर तेज बारिश शुरू हो गई। आज भी बारिश का येलो अलर्ट है ऐसे में बारिश होने की पूरी संभावना है।
मालूम हो कि बृहस्पतिवार सुबह से ही तेज धूप थी ऐसे में लोगों को गर्मी और उमस से परेशान होना पड़ रहा था। रात नौ बजे से तेज बारिश शुरू हो गई जो करीब 10.30 बजे तक होती रही। तेज बारिश की वजह से शहर में कई जगह जलभराव हो गया था। रात के समय कुछ लोग बारिश की वजह से अपने घर देर से पहुंचे। डेढ़ घंटे हुई लगातार बारिश के बाद से लोगों का हाल बेहाल हो गया।
चार डिग्री तापमान हुआ कम
दो दिन से हो रही बारिश की वजह से जिले के तापमान में चार डिग्री की कमी देखने को मिली है। ऐसे में मौसम सुहाना हो गया है हालांकि उमस बरकरार है। बृहस्पतिवार को जिले का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके साथ ही शुक्रवार को 6 एमएम बारिश दर्ज की गई है। अगले चार दिन तक फिर बारिश का येलो अलर्ट जारी है। ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 111 और नोएडा का एक्यूआई 58 दर्ज किया गया।