उपाध्यक्ष ने कहा - एनडीएमसी विश्वस्तरीय सुविधाएं देने की दिशा में काम कर रही
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने क्षेत्र में नागरिकों की सुविधा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए बंद पड़े एस्केलेटर को फिर से चालू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बुधवार को एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन के अनुरूप एनडीएमसी विश्वस्तरीय सुविधाएं देने की दिशा में कार्य कर रही है।
एनडीएमसी क्षेत्र के प्रमुख सबवे में 22 एस्केलेटर लगाए गए हैं जिनमें से 13 चालू हैं जबकि दो में मामूली तकनीकी खराबी है। सात एस्केलेटर लंबे समय से बंद हैं। परिषद ने सभी एस्केलेटरों की मरम्मत और संचालन की कार्ययोजना तैयार की है। इसके अलावा एनडीएमसी क्षेत्र में चार फुटओवर ब्रिज पर भी एस्केलेटर लगाए गए हैं जिनमें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल और मदर टेरेसा क्रेसेंट के पास वाले एस्केलेटर शामिल हैं। इनमें से दो फिलहाल बंद हैं। आरएमएल अस्पताल के पास का एस्केलेटर नवंबर 2025 और मदर टेरेसा क्रेसेंट वाला एस्केलेटर जनवरी 2026 तक चालू कर दिया जाएगा। सुरक्षा को लेकर एनडीएमसी ने सीसीटीवी कैमरे, निगरानी सिस्टम और नियमित देखरेख व्यवस्था को और मजबूत किया है ताकि भविष्य में कोई घटना न हो। सभी एस्केलेटरों को प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक चलाने की योजना है। चहल ने कहा कि नई दिल्ली क्षेत्र में बड़ी संख्या में नागरिक, पर्यटक और कर्मचारी रोजाना आवागमन करते हैं। ऐसे में यह पहल राजधानी को स्मार्ट, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने की दिशा में अहम कदम है।