नोएडा। शहर के सेवन एक्स सेक्टरों समेत फेज-2 औद्योगिक क्षेत्र व फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद (एफएनजी) एक्सप्रेसवे के 5 किमी के हिस्से की सफाई मशीन से करने के लिए दो एजेंसी आई हैं। नोएडा प्राधिकरण की तरफ से यह तीसरा टेंडर जारी किया गया था। आवेदन करने वाली एजेंसियों का दस्तावेज परीक्षण जन स्वास्थ्य विभाग ने शुरू कर दिया है। प्राधिकरण की तरफ से जानकारी दी गई कि इस करार में कुल 32.5 किलोमीटर की सड़क सफाई की जानी है। इसके बदले में एजेंसी को 23.07 करोड़ रुपये का भुगतान प्राधिकरण से होगा। खास बात यह है कि इस काम के लिए मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनें भी प्राधिकरण उपलब्ध करवाएगा। अभी यहां पर कुछ हिस्से में पुरानी एजेंसी के साथ किए गए करार का समय पूरा हो गया है। वहीं कुछ हिस्से में एजेंसी का समय बढ़ाकर सफाई जन स्वास्थ्य विभाग करवा रहा है। पहले दो टेंडर में एक भी एजेंसी नहीं आई थी। ब्यूरो