दादरी। कोतवाली क्षेत्र के जीटी रोड पर बील अकबरपुर गांव के समीप ट्रक और बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि मैनपुरी के भीम नगर भोगांव निवासी अजय कुमार व दीपक परिवार के साथ रहते हैं। सोमवार की सुबह बाइक पर सवार होकर दादरी की तरफ आ रहे थे। बील अकबरपुर गांव के समीप बाइक और ट्रक की टक्कर हो गई। टक्कर होने पर बाइक सवार दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी । घायलों को उपचार के लिए दादरी के सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां पर डॉक्टर ने अजय कुमार (24) को मृत घोषित कर दिया। दीपक की हालत बिगड़ती देख ग्रेटर नोएडा के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है। संवाद