पुन्हाना। जिला नगर योजनाकार विभाग ने शुक्रवार को पुन्हाना नगरपालिका क्षेत्र में करीब 12 एकड़ में बने अवैध निर्माण व अवैध कालोनियों पर कार्रवाई की। अवैध कॉलोनियों के रास्तों को जेसीबी से तोड़ा गया।
जिला नगर योजनाकार विभाग के डीटीपी महिपाल ने बताया कि पुन्हाना में करीब 7 कालोनियों अवैध हैं। अवैध निर्माणों को तोड़ने के लिए ये अभियान चलाया गया है। उन्होंने बताया कि शिकरावा मोड़, पुन्हाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने बन रही अवैध कालोनियों के रास्तों को काटा गया है। ये तीनों कालोनियां करीब 12 एकड़ में विकसित की जा रही थी। उन्होंने बताया कि अवैध कालोनियों का निर्माण किसी भी कीमत पर बर्दास्त नहीं किया जायेगा। उनका कहना है कि जब तक जिला योजनाकार विभाग से भवन निर्माण की मंजूरी नहीं ली जाएगी वे सारे निर्माण अवैध माने जाएंगे। उन्होंने बताया कि नगर योजनाकार विभाग से बिना मंजूरी के जो लोग अपने मकान बनाते हैं उनको अवैध माना जाता है।
विभाग की लापरवाही से बसीं कॉलोनियां
पुन्हाना नगरपालिका में नगर योजनाकार विभाग की लापरवाही के चलते पिछले 22 साल से अवैध निर्माणों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिसकी वजह से करीब सात कॉलोनियां बस गई है। बता दें कि पुन्हाना में करीब एक दर्जन से अधिक नई अवैध कालोनियां काटी जा रहीं हैं। जिसके लिए सड़कों का निर्माण तक करा दिया है।
फोटो-पुन्हाना में अवैध कालोनियों के रास्तों पर पीला पंजा चलाते अधिकारी