नूंह। सरकार व प्रशासन लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का खूब प्रयास कर रही है। वहीं शनिवार को नूंह सीएचसी की ओपीडी में चिकित्सक ही अपनी सीटों से नदारद मिले। सामान्य ओपीडी के साथ महिला ओपीडी में डॉक्टरों के नहीं होने से मरीजों को काफी परेशानी देखने को मिली। ओपीडी के कमरा नंबर 2, 4, 6 व 7 से चिकित्सको ंके गैर हाजिर होने से मरीजों को बिना इलाज कराए अपने घरों को लौटना पड़ा। ओपीडी में डॉक्टरों के नदारद होने की वजह से वार्ड ब्यॉय आराम फरमाते देखे गए।
शनिवार को चिकित्सक अस्पतालों में एक बजे तक ही रुकते हैं। लेकिन इस समय से पूर्व ही अधिकतर डॉक्टर अपने घरों को चले गए। जिसके चलते मरीजों को इलाज के लिए इधर उधर भटकना पड़ा।
इलाज के लिए आए साबिर, रमजान, देवेंद्र व शाहिद ने बताया कि वह नूंह सीएचसी में अपना इलाज कराने के लिए आए लेकिन यहां पर डॉक्टरों की जगह ओपीडी में वार्ड ब्वाय आराम कर रहे थे, पता करने पर कोई जवाब नहीं मिला। ऐसे में उन्होंने उपायुक्त से मांग की इस ओर ध्यान दिया जाए। इससे पूर्व भी नूंह सीएचसी मेें डॉक्टरों के समय से पूर्व अपने घरों को जाने का मामला सामने आया है। उस दौरान अधिकारियों द्वारा कार्रवाई के नाम पर खानापूर्ति की गई। जिससे इस तरह की लापरवाही बार बार सामने आ रही है।
कड़ी कार्रवाई की जाएगी
इस बारे में नूंह सीएचसी के कार्यकारी एसएमओ डॉ संदीप राजपूत ने कहा कि अस्पताल में कोई भी डॉक्टर छुट्टी पर नहीं है। अगर इस तरह की लापरवाही है तो इस बारे में जानकारी ली जाएगी।
सिविल सर्जन डॉ. सुरेंद्र यादव ने कहा कि इस बारे में जानकारी ली जाएगी। लापरवाही करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। लोगों को अस्पताल में बेहतर इलाज दिया जाएगा।
फोटो ऱ् ओपीडी में डॉक्टरों के नजारद होने पर एयर कंडीशन में हवा लेते वार्ड ब्यॉय।