शहर के खिलाड़ियों ने दिल्ली स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जीते ब्रॉन्ज मेडल
द्वारका सेक्टर-18 में हुआ आयोजन, हर्ष प्रिय सिंह के निर्देशन में संपन्न हुई प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। द्वारका सेक्टर-18 में आयोजित 41वीं दिल्ली स्टेट ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शहर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए। प्रतियोगिता का आयोजन दिल्ली ताइक्वांडो एसोसिएशन के महासचिव हर्ष प्रिय सिंह के निर्देशन में हुआ।
शहर के खिलाड़ियों कुनाल नगर ने अंडर-80 किलो वर्ग में और ओम सिंह यादव ने अंडर-58 किलो वर्ग में बेहतरीन खेल दिखाते हुए अपने वर्ग में कांस्य पदक हासिल किए। दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर के दिग्गज खिलाड़ियों के खिलाफ जोरदार मुकाबला किया। टीम के कोच कुद्दुस अली ने बताया कि दोनों खिलाड़ियों ने अनुशासन और तकनीकी दक्षता के साथ शानदार प्रदर्शन किया है। यह शुरुआत है, आने वाले नेशनल टूर्नामेंट में वे और बेहतर करेंगे।
प्रतियोगिता में सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक लड़कियों और दोपहर 1:30 बजे से लड़कों के मुकाबले आयोजित किए गए। इस बार प्रतियोगिता में दो एरीना लगाए गए थे ताकि मुकाबले समय पर संपन्न हों। आयोजकों ने यह भी स्पष्ट किया कि समय पर रिपोर्ट न करने वाले खिलाड़ियों को डिसक्वालिफाई कर दिया गया ताकि खेल में निष्पक्षता बनी रहे। दिल्ली ताइक्वांडो एसोसिएशन की इस प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों से दर्जनों खिलाड़ियों ने भाग लिया। नोएडा के खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने जिले का मान बढ़ाया और भविष्य के लिए नई उम्मीदें जगाईं। कोच कुद्दुस अली ने कहा कि हमारे खिलाड़ी मेहनती हैं और इस बार भले ही इंटरनेशनल चयन से चूक गए हों लेकिन आने वाले नेशनल टूर्नामेंट्स में निश्चित ही बेहतर प्रदर्शन करेंगे।