-36वीं इंटर स्कूल चैंपियनशिप का भव्य आयोजन, 370 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। ग्रेटर नोएडा में रेयान इंटरनेशनल स्कूल में जिला ताइक्वांडो संघ गौतमबुद्ध नगर के तत्वावधान में 36वीं इंटर स्कूल ताइक्वांडो चैंपियनशिप का सफल आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता सुबह 9 बजे से शुरू होकर शाम 5 बजे तक चली। इसमें जिलेभर के करीब 370 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में विभिन्न भार वर्गों में मुकाबले हुए।
प्रतियोगिता में 15 प्रमुख विद्यालयों और क्लबों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी शामिल हुए। इनमें सबसे अधिक 71 प्रतिभागियों के साथ द खेतान पब्लिक स्कूल ने सबसे बड़ा दल उतारा। वहीं रेयान इंटरनेशनल स्कूल ग्रेटर नोएडा से 45, नेहरू इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल से 40 और जेपी पब्लिक स्कूल ग्रेटर नोएडा से 35 छात्रों ने भाग लिया। इसके अलावा एस्टर पब्लिक स्कूल नोएडा एक्सटेंशन, प्रग्यान पब्लिक स्कूल जेवर, सम ताइक्वांडो क्लब ग्रेटर नोएडा, आर्मी स्कूल नोएडा, एमिटी इंटरनेशनल स्कूल नोएडा सहित कई संस्थानों ने हिस्सा लिया। जिला ताइक्वांडो संघ के महासचिव डॉ. समरेंद्र ठाकुर ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में निपुणता और शारीरिक क्षमताओं के विकास के साथ-साथ अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को प्रोत्साहित करना है।
भवानी शंकर कॉलेज के खिलाड़ियों का जलवा
नोएडा। ग्रेटर नोएडा के अमीचंद सर्वोदय खेरली गांव में आयोजित जिला ताइक्वांडो प्रतियोगिता में भवानी शंकर इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय व जिले का नाम रोशन किया। विद्यालय के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर मेरठ मंडल प्रतियोगिता के लिए स्थान पक्का किया। स्वर्ण पदक विजेताओं में शिवांक, नंदिनी, रोहित, गुलसार, आदर्श और रितेश का नाम शामिल है। वहीं रजत पदक विजेता हर्ष यादव रहे। विद्यालय के शारीरिक शिक्षक उमेश यती ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने कड़ी मेहनत और अनुशासन से यह सफलता अर्जित की है।