नोएडा। गूगल मैप नोएडा में गाड़ी चलाने वालों को रास्ते के साथ सड़कों की गति सीमा भी बताएगा। सड़क सुरक्षा को बेहतर करने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने यह तकनीकी पहल की है। इसका शुभारंभ बुधवार से होना प्रस्तावित है, जिस मौके पर डीजीपी राजीव कृष्णा वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। अलग-अलग सड़क व उसकी गति सीमा की जानकारी ट्रैफिक पुलिस की तरफ से तैयार कर आगे बढ़ाई गई है। इसके साथ ही सड़क दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र की जानकारी भी वाहन चालकों को रास्ते के साथ देने की तैयारी है। यह जानकारी वॉइस मैसेज या स्क्रीन पर वार्निंग के जरिए मिलेगी। शुभारंभ के मौके पर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहेंगे। ब्यूरो