संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव ने वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से सरदार वल्लभ भाई पटेल के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय एकता दिवस पर रन फॉर यूनिटी दौड़ का आयोजन करने के निर्देश दिए है आयोजन में हजारों शहरवासी एकता की दौड़ लगाएंगे।
इसी कड़ी में एडीसी नवीन आहूजा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि 31 अक्तूबर को महानायक सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर लोगों में आपसी एकता एवं भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए शहर में रन फॉर यूनिटी दौड़ का आयोजन किया जाएगा। दौड़ में स्कूलों, धार्मिक संगठन एवं संस्थाओं के सदस्यों एवं पदाधिकारियों के अलावा खेल विभाग, पुलिस विभाग व अन्य विभागों के अधिकारी और शहर की जनता भी भाग लेगी।
रन फॉर यूनिटी दौड़ सुबह सात बजे शुरू होगी और इसके उपरांत अपने गंतव्य स्थान पर संपन्न होगी। इसमें भाग लेने वाले बच्चे अपने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर चलेंगे। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी बच्चा राष्ट्रीय ध्वज को इधर-उधर न फेंके और राष्ट्रीय ध्वज को लेकर पूरे सम्मान के साथ रन फॉर यूनिटी दौड़ में आगे बढ़ेंगे। दौड़ में आपसी एकता व भाईचारे को बढ़ावा देने वाले बैनर, स्लोगन इत्यादि भी इस्तेमाल कर सकते हैं।
एसपी कमलदीप गोयल ने कहा कि यह दौड़ राष्ट्रीय एकता एवं भाईचारे की पहचान हैं, जिससे लोगों में यह संदेश जाए कि हम सभी आपस में मिलकर देश की एकता के लिए कार्य करें। सरदार पटेल ने अपने प्रयासों से एक ही बैठक में 560 रियासतों के राजाओं को एक राष्ट्र में शामिल करने का अहम कार्य किया। उनके इस कार्य को कभी भुलाया नहीं जा सकता। इस अवसर पर डीएसपी कंवलजीत, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलता, डीडीपीओ नरेंद्र सिंह, जिला खेल अधिकारी शिल्पा गुप्ता व संबंधित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।