देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। बनखंडी में आने वाले समय में देहरा सर्किट हाउस की तर्ज पर सर्किट हाउस का निर्माण किया जाएगा। यह बात देहरा विधानसभा क्षेत्र की विधायक कमलेश ठाकुर ने शेर लुहारा पंचायत के दौरे के दौरान कही। उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपने कुल बजट का लगभग 60 प्रतिशत बजट हरिपुर क्षेत्र की पंचायतों के विकास कार्यों पर खर्च किया जा रहा है। देहरा विधानसभा क्षेत्र की सभी 55 पंचायतों को 10 से 12 लाख रुपये तक की राशि सड़क, रास्तों और अन्य जनहित कार्यों के लिए स्वीकृत की जा चुकी है। राष्ट्रीय राजमार्ग देहरा से बगलामुखी मंदिर रोड पर सड़क और नालियों का मरम्मत कार्य शीघ्र आरंभ किया जाएगा। इसके लिए संबंधित अधिकारियों से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि हरिपुर ग्राउंड के लिए 15 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। विधायक ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा हरिपुर को आदर्श अस्पताल घोषित किया गया हैै। इसके लिए उन्होंने डॉक्टर व स्टाफ के आवास के लिए 2.10 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 12 करोड़ रुपये की लागत से दो नई सड़कें बनखंडी सेे वासा मेहवा रोड और बनखंडी से नौशहरा रोड का निर्माण कार्य प्रगति पर है।