पाइलिंग में लगाए जा रहे स्टील स्वीकृत मानकों के अनुरूप नहीं, नोएडा प्राधिकरण सीईओ ने समीक्षा बैठक में जताई नाराजगी
5.96 किमी लंबा बनेगा चिल्ला एलिवेटेड रोड
892 करोड़ रुपये आएगी लागत
नोट-फोटो हैं।
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। मयूर विहार से महामाया फ्लाईओवर तक बन रहे 5.96 किमी लंबे चिल्ला एलिवेटेड रोड की बुनियाद ही कमजोर पड़ रही है क्योंकि इसमें लगाए जा रहे स्टील मानकों के अनुरूप नहीं हैं। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक में इस पर नाराजगी जताई है। उन्होंने सेतु निगम को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान कई परियोजनाओं की समीक्षा की गई।
करीब 892 करोड़ रुपये की लागत से इस एलिवेटेड रोड का निर्माण सेतु निगम करवा रहा है। निगरानी और परियोजना में आधी हिस्सेदारी नोएडा प्राधिकरण की है। इसकी बुनियाद (पाइलिंग) में लगाए जा रहे स्टील को प्राधिकरण ने स्वीकृत मानकों से निम्न का करार दिया है।
झट्टा और सुल्तानपुर अंडरपास
नोएडा एक्सप्रेसवे पर झट्टा और सुल्तानपुर अंडरपास के निर्माण शुरू कराने की तैयारी है। सीईओ ने इसका स्थलीय निरीक्षण किया और डिजाइन समझा। उन्होंने ट्रैफिक डायवर्जन के लिए पहले से पूरी तैयारी करने के निर्देश दिए। प्राधिकरण के जीएम एके अरोड़ा, डीजीएम विजय रावल समेत अन्य इंजीनियर मौजूद रहे। सीईओ ने जीआईपी पुलिस चौकी के पास बन रहे घंटाघर का निरीक्षण किया और 15 अगस्त तक परियोजना पूरी करने के निर्देश दिए।
परियोजना में देरी पर जुर्माना लगाने के बाद समय-वृद्धि देने के निर्देश
भंगेल एलिवेटेड रोड के नीचे सड़क, फुटपाथ, डिवाइडर व अन्य काम की समीक्षा के बाद उन्होंने परियोजना में देरी के लिए गणना करने के साथ जुर्माना लगाकर समय-वृद्धि देकर काम पूरे कराने के निर्देश दिए। दरअसल, निर्माण एजेंसी सेतु निगम समय-वृद्धि की मांग की जा रहा है। समीक्षा बैठक में सीईओ ने कहा कि कई जगहों पर नाले-नाली पर बॉटल नेक बन जा रहा है। आईआईटी जैसी विशेषज्ञ संस्था से सर्वे करवाकर ड्रेनेज प्लान तैयार करवाया जाए।
सीईओ ने सेक्टर-52-51 मेट्रो स्काईवॉक में निर्माण काम 30 सितंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। सेक्टर-18, 38ए और 98 में बन रहे कियोस्क के आवंटन प्रक्रिया के लिए आरएफपी जल्द जारी करने, सेक्टर-18 में तिकोना पार्क के चारों ओर एलईडी लाइट लगाने, सेक्टर-21ए में क्रिकेट स्टेडियम में कॉफी हाउस के निर्माण में तेजी और प्रहरी ऐप को लागू करने को भी कहा।