चिल्ला एलिवेटेड : अब केंद्र से मदद मिलने पर होगा बेड़ा पार
नोएडा। सेक्टर-14ए चिल्ला रेगुलेटर से महामाया फ्लाईओवर तक एलिवेटेड रोड का काम करीब-करीब बंद हो चुका है। फंड की कमी से ऐसे हालात हैं। नोएडा प्राधिकरण ने और फंड देने से इनकार कर दिया है। वहीं, पीडब्ल्यूडी को शासन की ओर से फंड नहीं मिल रहा है। ऐसे में अब पीडब्ल्यूडी केंद्र सरकार से मदद की गुहार लगा सकता है। सूत्रों के मुताबिक, प्राधिकरण ने परियोजना में 74 करोड़ रुपए खर्च करने के बाद और पैसे देने से मना कर दिया है। उनका कहना है कि अब पीडब्ल्यूडी जब तक परियोजना में पैसे नहीं लगाएगा तब तक प्राधिकरण फंड जारी नहीं करेगा। ऐसे में चिल्ला एलिवेटेड का काम बंद हो गया है। हालांकि, इसके समाधान की कोशिशें चल रही हैं। सूत्रों की मानें तो शासन की ओर से कोई मदद नहीं मिलने की सूरत में परियोजना का काम शुरू कराने के लिए केंद्र से भी मदद ली जा सकती है। यह मदद प्राधिकरण नहीं मांगेगा बल्कि पीडब्ल्यूडी अपील कर सकता है। मदद मिली तो काम की गति तेज हो सकेगी। दरअसल, नोएडा सहित दिल्ली और आसपास के लोगों के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण परियोजना है। इसका काम बंद होने से लोगों को ज्यादा नुकसान होगा। परियोजना पूरी हो जाती है तो लिंक रोड पर जाम से मुक्ति मिल जाएगी। इसके अलावा लोगों को सिग्नल फ्री सफर का मौका मिलेगा।