बरुआ फुटबॉल अकादमी करेगी आयोजन, विजेताओं को मिलेगा एडवांस ट्रेनिंग का मौका
संवाद न्यूज एजेंसीनोएडा। शहर में बाल फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए रोमांचक मौका आने वाला है, पहली बार एक बड़ी ग्रासरूट्स फुटबॉल लीग आयोजित की जा रही है। सेक्टर-21ए स्थित नोएडा स्टेडियम में ब्लू क्यूब्स ग्रासरूट्स फुटबॉल लीग-2025 का आयोजन बरुआ फुटबॉल अकादमी की ओर से 16 नवंबर से होगा। यह संस्था अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआइएफएफ) और यूपी फुटबॉल संघ (यूपीएफएस) से मान्यता प्राप्त है। टूर्नामेंट के 28 सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को एडवांस ट्रेनिंग के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा और चार श्रेष्ठ कोचों को सम्मानित किया जाएगा।
यह टूर्नामेंट 1.5 महीने चलेगा और मैच केवल रविवार को होंगे, 16, 23, 30 नवंबर और सात दिसंबर को, जबकि फाइनल 14 दिसंबर को खेला जाएगा। प्रतियोगिता में चार आयु वर्ग शामिल होंगे, इसमें अंडर-8, अंडर-10, अंडर-12 और अंडर-14, छोटे वर्गों में 7-ए-साइड और बड़े वर्गों में 9-ए-साइड मैच होंगे।
आयोजक अनादी बरुआ ने बताया कि इस लीग का उद्देश्य बच्चों को प्रारंभिक स्तर पर प्रोफेशनल अनुभव देना है। सभी खिलाड़ियों को जर्सी, प्रमाणपत्र, मेडल और रिफ्रेशमेंट्स दिए जाएंगे, जबकि विजेताओं को ट्रॉफी और विशेष व्यक्तिगत पुरस्कार मिलेंगे। अकादमी के कोच सुभाष यादव के अनुसार यह आयोजन नोएडा में फुटबॉल को नई पहचान देगा।