-सीबीएसई आयोजित करने जा रहा है कोडिंग चैलेंज 2023
-छठी से आठवीं कक्षा तक के बच्चे ले सकते हैं हिस्सा
-15 मार्च तक होंगे पंजीकरण, विजेता की घोषणा जून में होगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। कोडिंग में रूचि रखने वाले बच्चे अपनी रचनात्मकता का प्रयोग कर दिन-प्रतिदिन होने वाली समस्याओं का समाधान सुझा सकेंगे। बच्चों के कोडिंग कौशलों को निखारने के लिए सीबीएसई कोडिंग चैलेंज 2023 का आयोजन करने जा रहा है। यह एक ऐसा प्लेटफॉर्म होगा जहां बोर्ड द्वारा सुझाई गई थीम पर कोडिंग के माध्यम पर उसका हल देंगे।
सीबीएसई ने बीते साल माइक्रोसॉफ्ट के सहयोग से सीबीएसई नेशनल कोडिंग चैलेंज 2022 आयोजित किया था। इसमेंं छात्रों को प्रौद्योगिकी के साथ वास्तविक जीवन के कुछ मुद्दों को हल करने के लिए 21वीं सदी के कौशल को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया था। इसमें देश और विदेश के सीबीएसई स्कूलों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली थी। इसे देखते हुए अब बोर्ड ने नेशनल कोडिंग चैलेंज आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस चैलेंज में देशभर के छठी से आठवीं तक के छात्र हिस्सा ले सकते हैं। बच्चे 10 मार्च तक पंजीकरण करा सकते हैं। इसमें एक स्कूल से एक छात्र या चार छात्रों का समूह हिस्सा ले सकता है। इसके साथ ही बोर्ड ने थीम भी जारी की हैं।
इनमें सांस्कृतिक विरासत संरक्षण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस फॉर गुड, हेल्थ, ह्यूमेनिटेरियन एक्शन, पृथ्वी: जैव विविधता और प्राकृतिक आवासों की रक्षा, सरल उपयोग शामिल है। थीम के मुताबिक कोडिंग के जरिए छात्रों को समाधान बताना होगा। छात्रों को 15 मार्च तक अपने बनाए प्रोजेक्ट को जमा कराना होगा। पहला क्षेत्रीय राउंड अप्रैल 2023 में आयोजित किया जाएगा। इसमें चुने गए छात्रों को आगे राष्ट्रीय स्तर पर हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। जून में कोडिंग चैलेंज के विजेताओं की घोषणा की जाएगी।