नोएडा। सामाजिक कार्यकर्ता शालिनी सिंह ने उच्च प्राथमिक विद्यालय शाहपुर गोवर्धनपुर और प्राथमिक विद्यालय रोहिल्लापुर का दौरा किया। दोनों सरकारी विद्यालयों को हाईटेक स्मार्टबोर्ड भेंट किए गए, जिससे बच्चों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से पढ़ाई का लाभ मिल सके।
उच्च प्राथमिक विद्यालय में पविका मुहिम के अंतर्गत छात्राओं को सैनेट्री पैड्स वितरित किए गए, जिससे बालिकाओं में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़े और बिना संकोच के वे शिक्षा जारी रख सकें। प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के लिए झूले भी स्थापित करवाए गए। इस अवसर पर अजय चौहान, पुनीत राणा, आकाश शर्मा और अध्यापिकाएं मौजूद रहीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की बास्केटबॉल टीम से संवाद कर उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। ब्यूरो