ग्रेटर नोएडा। वंचित और विशेष परिस्थितियों में रह रहे बच्चों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संस्था शिक्षा की ओर से शुक्रवार को बाल सुधार गृह, नोएडा फेज-2 में 60 अध्ययन एवं शिक्षण सामग्री किट वितरित की गईं। मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे बच्चों की शिक्षा और भविष्य को बेहतर बनाने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना चाहिए। उन्होंने बताया कि अध्ययन किट में बच्चों की शैक्षणिक जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उपयोगी सामग्री शामिल की गई है, जिससे उन्हें नियमित पढ़ाई में सहायता मिलेगी। शिक्षा संस्था के समूह परियोजना प्रबंधक ललितेंद्र भारतीय ने कहा कि हर बच्चे को शिक्षा और आगे बढ़ने का समान अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार, जिला प्रोबेशन अधिकारी सुनील पांडे समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। ब्यूरो