छह मंजिला टावर की मरम्मत अक्तूबर में पूरी होने की संभावना
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। चाइल्ड पीजीआई में छह मंजिला टावर की मरम्मत अक्तूबर में पूरी होने की संभावना है। नवंबर में चार चिकित्सकीय विभागों की शिफ्टिंग शुरू की जाएगी। इससे अस्पताल में ओपीडी सेवाओं का विस्तार संभव हो सकेगा।
फिलहाल इस टावर में डिस्ट्रिक अर्ली इन्टरवेंशन सेंटर (डीईआईसी) सेंटर चल रहा है। मरम्मत पूरा होने के बाद यहां दंत रोग विभाग, माइक्रोबायोलॉजी, पैथोलॉजी और रेडियोलॉजी विभागों को शिफ्ट किया जाएगा। इससे मरीजों को बेहतर और केंद्रित सुविधाएं मिलेंगी। वर्तमान में अस्पताल में एमआरआई की सुविधा उपलब्ध नहीं है लेकिन भविष्य में इसे भी इसी नए भवन में स्थापित किया जाएगा।
ओपीडी बिल्डिंग में ये चारों विभाग संचालित हो रहे हैं। इनके नए भवन में स्थानांतरित होने के बाद वर्तमान ओपीडी भवन में जेनेटिक विभाग का विस्तार किया जाएगा। हाल ही में अस्पताल के जेनेटिक विभाग की ओर से कई नई जांच सेवाएं शुरू की गई हैं इसलिए जगह की कमी महसूस हो रही है। इन विभागों के शिफ्ट होने के बाद जेनेटिक विभाग को नई मशीनें स्थापित करने के लिए जगह मिल सकेगी।
आपातकालीन विभाग की शिफ्टिंग को लेकर होगी बैठक
चाइल्ड पीजीआई परिसर में स्थित जिला अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग की मरम्मत भी जल्द शुरू की जाएगी। यहां आपातकालीन विभाग को स्थानांतरित किया जाएगा। इसके अलावा कई अन्य चिकित्सकीय सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। हालांकि इन सुविधाओं के लिए मरीजों को लगभग एक वर्ष तक प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है। संस्थान के निदेशक डॉ. एके सिंह ने बताया कि मरम्मत का कार्य अक्तूबर में पूरा हो जाएगा। इसके बाद चिकित्सकीय विभागों की शिफ्टिंग कर दी जाएगी जिससे न केवल डॉक्टरों को बल्कि मरीजों को भी सुविधा होगी