80 नर्सिंग ऑफिसर के पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। चाइल्ड पीजीआई में लंबे समय से चली आ रही नर्सिंग स्टाफ की कमी जल्द ही दूर होने वाली है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, दिवाली के बाद नए नर्सिंग ऑफिसरों की जॉइनिंग शुरू हो जाएगी जिससे चिकित्सा सुविधाओं में भी सुधार की उम्मीद है।
संस्थान में 80 नर्सिंग ऑफिसर के पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस संबंध में लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसका परिणाम जारी कर दिया गया है। सफल अभ्यर्थियों को ई-मेल के माध्यम से दस्तावेज सत्यापन (वेरिफिकेशन) के लिए बुलाया गया है।
संस्थान के निदेशक डॉ.अरुण कुमार सिंह ने बताया कि अक्तूबर के अंत तक सभी नवनियुक्त नर्सिंग ऑफिसरों का दस्तावेज सत्यापन पूरा कर लिया जाएगा। इसके तुरंत बाद उन्हें नियुक्ति पत्र जारी कर दिए जाएंगे और वे अपनी सेवा शुरू कर सकेंगे।