बनियाठेर(संभल)। पुलिस व जिला प्रशासन के निर्देश पर चलाए जा रहे बाल विवाह रोकने के अभियान के चलते प्रयत्न संस्था ने पुलिस और बाल कल्याण समिति के सहयोग से एक किशोरी का विवाह रुकवा दिया। इसके साथ ही किशोरी को वन स्टॉप सेंटर ले जाया गया, जहां चाइल्ड लाइन टीम द्वारा किशोरी की काउंसलिंग की गई। सोमवार को उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
रविवार को थाना बनियाठेर के एक गांव में एक किशोरी का विवाह होना था। इसकी जानकारी प्रयत्न संस्था को मिली। इनकी शिकायत पर बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष गौरव गुप्ता ने बाल विवाह को तत्काल रोकने के लिए थाना बनियाठेर पुलिस को आदेशित किया। पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर किशोरी के आयु संबंधित दस्तावेजों की जांच की। लड़की के नाबालिग होने की पुष्टि होने पर टीम ने परिजनों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के बारे में समझाया और कहा कि बाल विवाह के आयोजन में शामिल होने वाले सभी प्रतिभागियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बाल विवाह रुकवाने के बाद किशोरी को वन स्टॉप सेंटर ले जाया गया, जहां चाइल्डलाइन टीम द्वारा किशोरी की काउंसलिंग की गई। इस अवसर पर एनजीओ प्रभारी गौरीशंकर चौधरी, थानाध्यक्ष मनोज वर्मा, उप निरीक्षक संदीप शर्मा व पंकज कुमार मौजूद रहे।