बच्चा चोरी की अफवाह फैलाकर लोगों को पीटने का सिलसिला थम नहीं रहा है। ऐसा ही एक और मामला नोएडा के भूड़ा गांव में सामने आया है। यहां बुधवार रात को एक शख्स ने बच्चा चोरी की अफवाह फैला दी। जिसके बाद लोगों ने एक युवक की पिटाई कर दी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो बच्चा चोरी की सूचना फर्जी निकली।
पुलिस ने घायल शख्स को अस्पताल में भर्ती कराकर झूठी सूचना देने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक बुधवार रात को राजेश नामक एक शख्स ने बच्चा चोरी की अफवाह फैला दी। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने रामनिवास नाम शख्स की जमकर पिटाई कर दी। सूचना पर पुलिस पहुंची तो पता चला कि फर्जी सूचना फैलाई गई थी। पुलिस ने रामनिवास को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, आरोपी राजेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
होशियारपुर में भी अफवाह फैलाने का प्रयास, एक गिरफ्तार
शुक्रवार सुबह होशियारपुर गांव में अनीश कुमार ने पुलिस को 100 नंबर पर फोन कर बच्चा चोरी करने की शिकायत की। उसने बताया कि एक महिला गांव से बच्चा चोरी कर भाग रही है। अनीश ने यह अफवाह गांव में भी फैला दी। लोग आक्रोशित होकर महिला को ढूंढ रहे थे, तब तक पुलिस मौके पर पहुंच गई और लोगों को शांत कराया गया।
कोतवाली सेक्टर-49 पुलिस ने जांच के बाद अफवाह फैलाने वाले अनीश को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक गांव में एक मानसिक रूप से कमजोर महिला गांव में घूम रही थी। गांव मे ही किसी बच्चे ने उसे खाना दिया। जिसे महिला ने फेंक दिया। इसी दौरान अनीश से पुलिस को महिला के बच्चा चोर होने की सूचना दी और गांव में अफवाह फैला दी।