निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरकर मासूम की मौत
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित एक निर्माणाधीन सोसाइटी की छठी मंजिल से बुधवार को छह साल के मासूम की खेलते समय गिरकर मौत हो गई। मजदूर के बेटे की गिरने की सूचना मिलने पर लोग उसे अस्पताल लेकर भागे, लेकिन बच्चे ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मजदूरों का आरोप है कि अगर साइट पर जाल लगा होता तो बच्चे की जान बच सकती थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फ्यूजन होम्स हाउसिंग सोसाइटी निवासी धीरज कुमार ने बताया कि एल टावर की छठी मंजिल पर निर्माण कार्य चल रहा है। बुधवार सुबह मजदूरों के साथ साइट पर एक बच्चा भी पहुंच गया। खेलते समय पैर फिसलने से बच्चा नीचे गिर गया। इमारत में काम कर रहे मजदूर काम छोड़कर उसे पास के अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में अभी तक परिजनों की तरफ से कोई शिकायत नहीं दी गई है।