-सीईओ ने परियोजना का निरीक्षण कर अफसरो को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। नोएडा प्राधिकरण के सीईओ लोकेश एम ने मंगलवार को सेक्टर-96 में निर्माणाधीन मुख्य प्रशासनिक भवन स्थल के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उनके साथ प्राधिकरण के तीनों एसीईओ, ओएसडी, प्राधिकरण के जनस्वास्थ्य विभाग एवं विद्युत यांत्रिक विभाग के महाप्रबन्धक, सिविल विभाग के उप महाप्रबन्धक, निदेशक (उद्यान) एवं संबंधित प्रबंधक मौजूद रहे।
सीईओ ने उक्त परियोजना को शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण कराने हेतु निर्देशित किया गया, ताकि मुख्यमंत्री से उक्त परियोजना का लोकार्पण कराया जा सके। निरीक्षण के दौरान सीईओ ने जीएम (जनस्वास्थ्य) को प्रशासनिक भवन में बनाये गये टॉयलेट्स में से सभी को चिन्हित करने हेतु निर्देशित किया गया कि कौन-कौन से टॉयलेट सार्वजनिक उपयोग के हैं तथा कौन से टॉयलेट प्राधिकरण अधिकारियों व कर्मचारियों के उपयोग हेतु निर्मित हैं।
निरीक्षण के दौरान उपस्थित निदेशक (उद्यान) को निर्देश दिये गये कि भवन में उद्यानीकरण से संबंधित कार्यों को निष्पादित कराते हुए शीघ्रातिशीघ्र पूर्ण कराये जायें। विद्युत विभाग को निर्देश दिये गये कि भवन में तल-वार विद्युतीकरण के कार्य करते हुए सिविल विभाग को हस्तांतरित करते जाएं। उन्होंने प्रशासनिक भवन में निर्मित सीईओ कार्यालय का भी निरीक्षण किया गया, जिसमें उनके द्वारा विभिन्न संशोधन सुझाए गये तथा उक्त सुझाव के अनुसार ऑफिस में आवश्यक संशोधन किये जाने के निर्देश दिये गये।