- यूपीएससी, यूपीपीसीएस, नीट, जेईई और पीसीएस-जे की तैयारी कराने के लिए 15 जुलाई से शुरू होंगी कक्षाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। समाज कल्याण विभाग की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत निशुल्क कोचिंग के लिए 5 जून से ऑनलाइन पंजीकरण शुरू होगा। इच्छुक अभ्यर्थी 30 जून 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। चयनित अभ्यर्थियों की नियमित कक्षाएं 15 जुलाई से शुरू होंगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि योजना के तहत यूपीएससी, यूपीपीसीएस, पीसीएस (जे.), नीट और जेईई जैसी प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी निशुल्क कराई जाएगी। यूपीएससी, नीट और जेईई की कक्षाएं दादरी स्थित मिहिर भोज बालक इंटर कॉलेज में संचालित होंगी। वहीं यूपीएससी और यूपीपीसीएस की कोचिंग सेक्टर-37 स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर पुस्तकालय में दी जाएगी। नीट और जेईई के लिए सेक्टर-93 स्थित पंचशील बालक इंटर कॉलेज तथा पीसीएस (जे.) की कक्षाएं गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में संचालित होंगी। विभाग के अनुसार प्रवेश परीक्षा 1 से 7 जुलाई के बीच आयोजित होगी, जबकि परिणाम 11 जुलाई तक घोषित कर दिए जाएंगे। इसके बाद 15 जुलाई से नियमित कक्षाओं का शुभारंभ किया जाएगा।