- पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल कर गौतमबुद्ध नगर का बढ़ाया मान
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य डैशबोर्ड रैंकिंग में ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिसरख ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में पहला स्थान हासिल किया है। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सीएचसी बिसरख के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सचिन्द्र मिश्रा को 'सर्टिफिकेट ऑफ अचीवमेंट' प्रदान कर सम्मानित किया गया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सचिन्द्र मिश्रा ने इस उपलब्धि को पूरी टीम के समर्पण और निरंतर मेहनत का परिणाम बताया। उन्होंने बताया कि मरीजों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, बेहतर डाटा प्रबंधन और नियमित मॉनिटरिंग ने इस सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। डॉ. मिश्रा ने कहा कि सीएचसी बिसरख की पूरी टीम का लक्ष्य केवल रैंकिंग हासिल करना नहीं, बल्कि प्रत्येक मरीज को बेहतर, सुलभ और भरोसेमंद स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।