नोएडा। नए चार्जिंग प्वाइंट शुरू होने के बाद भी 26 सिटी बसें गाजियाबाद के रूट पर चल रही हैं। इससे यात्रियों को नोएडा एयरपोर्ट तक सीधी कनेक्टिविटी मिल रही है। सिटी बस सेवा शुरू होने के समय चार्जिंग प्वाइंट कम होने के कारण इन बसों को गाजियाबाद भेजा जाता था। वहां चार्ज होने के बाद बसें हापुड़ चुंगी, छिजारसी, लालकुआं, यूपी गेट, इंदिरापुरम और साहिबाबाद होते हुए नोएडा के अलग-अलग स्थानों तक पहुंचती थीं।
परिवहन निगम ने योजना बनाई थी कि कासना में चार्जिंग प्वाइंट शुरू होने के बाद गाजियाबाद जाने वाली बसों का संचालन नोएडा में ही किया जाएगा। इन्हें गाजियाबाद नहीं भेजा जाएगा। हालांकि, नोएडा इलेक्ट्रिक बस डिपो के एआरएम राजेश कुमार ने बताया कि गाजियाबाद जाने वाली बसों के रूट में अभी कोई बदलाव नहीं किया गया है। इनका संचालन पहले की तरह ही किया जा रहा है। ब्यूरो