दारोगा पर रिपोर्ट लिखाने पहुंची वृद्धा को चौकी से भगाने का आरोप
जारचा (संवाद)। कोतवाली क्षेत्र की अल्ट्राटेक चौकी पर बेटे के साथ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंची बिसाहड़ा गांव निवासी 85 वर्षीया वृद्धा को दारोगा ने भगा दिया। आरोप है कि दरोगा ने वृद्धा से यह भी कहा कि मामले में वह कोई मदद नहीं कर सकते। इसके बाद वृद्धा ने बृहस्पतिवार को एसीपी ग्रेनो कार्यालय में शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। जहां उन्हें मामले की जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
बिसाहड़ा में रहने वाली 85 वर्षीया वृद्धा इमरती देवी के दो बेटे हैं। पति की मृत्यु हो चुकी है। बड़ा बेटा संजय दादरी में रहकर नौकरी करता है। छोटा बेटा बबलू गांव में मजदूरी करता है। आरोप है पड़ोस में रहने वाला युवक आए दिन घर में घुसकर रुपये छीन लेता है। वहीं, विरोध करने पर मारपीट करता है। बुधवार शाम करीब 7 बजे आरोपी घर में जबरन घुस गया और रुपये खोजने लगा। जब कुछ नहीं मिला तो सारा सामान बिखेर दिया। इतना ही नहीं, जब वृद्धा ने विरोध किया तो गाली-गलौज और मारपीट की। घटना की शिकायत लेकर वृद्धा बेटे संजय के साथ अल्ट्राटेक चौकी पहुंची। आरोप है कि वहां तैनात दारोगा ने रिपोर्ट दर्ज करने बजाय चौकी से भगा दिया। इसके बाद वृद्धा ने एसीपी ग्रेनो के कार्यालय में शिकायत की है। वहीं, इस बाबत जारचा कोतवाली प्रभारी श्याम सुंदर का कहना है कि इस प्रकार का मामला संज्ञान में नहीं आया है। वरिष्ठ अधिकारी से शिकायत की है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।