गंगा में नहाते समय चंडीगढ़ का युवक तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। एसडीआरएफ युवक की तलाश में अभियान चला रही है।
एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि बुधवार शाम पांच बजे के करीब मस्तराम घाट पर नहाते समय एक युवक डूब गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ पोस्ट ढालवाला से रेस्क्यू टीम को तत्काल आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों एवं स्कूबा डाइविंग सेट के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
टीम ने मौके पर पहुंचकर तुरंत स्थिति का आकलन किया और गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, डूबे हुए युवक की पहचान कुनाल वर्मा (20) पुत्र सुरेश वर्मा निवासी जीरकपुर, चंडीगढ़ के रूप में हुई है। युवक बीबीए तृतीय वर्ष का छात्र है, जो अपने चार दोस्तों के साथ ऋषिकेश घूमने आया हुआ था। अंधेरा अधिक हो जाने के कारण आज का सर्च ऑपरेशन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।