-तीन दिन होंगे लॉन टेनिस, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स और ताइक्वांडो के मुकाबले
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। सेक्टर ओमेगा-2 स्थित ग्रेटर वैली स्कूल में 28 सितंबर से तीसरे चैंपियन चैलेंज टूर्नामेंट का आयोजन होगा। नौ अक्तूबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में आठ स्कूलों के खिलाड़ी क्रिकेट, लॉन टेनिस, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स और ताइक्वांडो में प्रतिभा दिखाएंगे। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराना है।
टूर्नामेंट की शुरुआत क्रिकेट मुकाबलों से होगी। 28 सितंबर से छह अक्तूबर तक मैच खेले जाएंगे। आठ टीमों को दो पूलों में बांटा गया है। प्रत्येक टीम लीग चरण में तीन मुकाबले खेलेगी। दोनों पूलों की बेहतर चार टीमें अगले दौर में पहुंचेंगी। क्रिकेट में मेजबान ग्रेटर वैली स्कूल, समरविले स्कूल, रामाज्ञा स्कूल, गौड़ इंटरनेशनल स्कूल, कोठारी इंटरनेशनल स्कूल, हेरिटेज एक्सपीरिएंशियल लर्निंग स्कूल, मयूर स्कूल और जेनेसिस ग्लोबल स्कूल की टीमें हिस्सा लेंगी।
स्कूल के स्पोर्ट्स अध्यापक राकेश राणा ने बताया कि सभी टीमों की तैयारियां पूरी की जा रही हैं। क्रिकेट के बाद सात, आठ और नौ अक्तूबर को लॉन टेनिस, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स और ताइक्वांडो के मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और खेल भावना विकसित करने पर जोर रहेगा। विभिन्न स्कूलों के खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा के साथ अनुभव साझा करने का अवसर भी मिलेगा।