आप संयोजक की जनता से अपील, पैसे व तोहफे देने वालों को वोट न दें
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को जनता से कहा कि चुनाव में पैसे व तोहफे देने वालों को वोट न दें। वर्चुअल माध्यम से केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पुलिस के संरक्षण में एक दल के नेता पैसे, साड़ी, जूते व सोने की चेन बांट रहे हैं। अक्सर चुनावों में कहा जाता है कि चुनाव से पहले वाली रात कत्ल की रात होती है। उस रात को खूब शराब, पैसे और मुर्गा बंटता है, लेकिन दिल्ली का यह चुनाव एक अलग ही चुनाव है। इसमें चुनाव से डेढ़ महीने पहले से ही खुलेआम पैसे और सामान बंटना शुरू हो गया है। 1100-1100 रुपये बांटे जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि किसी को कोई डर नहीं है। ये जितना सामान और पैसा बांट रहे हैं, सब ले लो। चिंता मत करो, लेकिन अपना वोट मत बेचना। गरीब और मध्य वर्ग के लोग सयाने होते हैं अपना वोट नहीं बेचेंगे। वोट देने का अधिकार बाबा साहब आंबेडकर ने दिया है। अगर वोट बिकने लगे तो देश में बड़े-बड़े साहूकारों का राज हो जाएगा। आपके बच्चों के लिए कोई स्कूल और अस्पताल नहीं बनवाएगा। जिसे मर्जी अपना वोट दें, लेकिन जो आपके वोट खरीदने की कोशिश कर रहा है, उसे न दें। अगर कोई कसम भी खिलाए फिर भी उसे वोट न दें। मैं भी हर मंगलवार को हनुमान मंदिर जाता हूं। जब अगले मंगलवार को मंदिर जाऊंगा तो आपके लिए भगवान हनुमान से कहूंगा कि मेरे लोगों को जो जबरदस्ती कसम खिलाई गई हैं, वे उन पर न लगें। भगवान मेरी सुनते हैं।