मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
ग्रेटर नोएडा की बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने नवादा मंदिर के पास युवक से चेन लूट की घटना का खुलासा करते हुए एक शातिर बदमाश को शनिवार रात पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, चोरी की अपाचे बाइक, एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुशीनगर निवासी लालू उर्फ राजेंद्र के रूप में हुई है। आरोपी वर्तमान में साइट-5 कासना स्थित झुग्गियों में रह रहा था।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि करीब पांच दिन पूर्व नवादा मंदिर के पास एक युवक से सोने की चेन लूट ली गई थी। मामले की जांच के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान कार्रवाई करते हुए लालू उर्फ राजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने चेन लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई सोने की चेन बरामद कर ली। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी जिस अपाचे बाइक का इस्तेमाल कर रहा था, वह करीब ढाई माह पहले कासना क्षेत्र स्थित कालीचरण मार्केट से चोरी की गई थी। पुलिस ने चोरी की बाइक भी बरामद कर ली है।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद हुआ, जिसके संबंध में अलग से कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार लालू उर्फ राजेंद्र एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में लगभग 28 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। इनमें लूट के एक दर्जन से अधिक मामले शामिल हैं।