संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। भारत विकास परिषद की जगाधरी शाखा की ओर से भारत को जानो प्रतियोगिता परीक्षा करवाई गई। यह परीक्षा शहरी स्तर पर करवाई गई। परीक्षा जगाधरी के बूड़िया चुंगी रोड स्थित आर्य कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में हुई। प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न स्कूलों की छठी से 12वीं तक के कुल 106 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
परीक्षा की छठी से आठवीं कक्षा श्रेणी में सरस्वती वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की चाहत प्रथम व एसडी पब्लिक स्कूल का अभिनव द्वितीय रहा। वहीं, नौवीं से 12वीं कक्षा श्रेणी में शिशु वाटिका विद्यालय की आयुषी प्रथम व एसडी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का गणेश द्वितीय रहा।
इन विद्यार्थियों का चयन पहले चरण की स्कूल स्तर की प्रतियोगिता परीक्षा से किया गया था। विजेताओं को पुरस्कार व प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। परीक्षा परिषद अध्यक्ष डॉ. अमित बंसल, डॉ. सतीश बंसल, नवीन गर्ग के नेतृत्व में करवाई गई। इस दौरान अध्यक्ष डॉ. अमित बंसल ने बताया कि छह अक्टूबर को स्कूल स्तर की परीक्षा करवाई गई थी।
इसमें 20 विद्यालयों से कुल 932 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। इसमें से दोनों श्रेणियों में प्रथम व द्वितीय स्थान पर रहे कुल 106 विद्यार्थियों का चयन शाखा स्तरीय परीक्षा के लिए किया गया। इस प्रतियोगिता में कुल चार विद्यार्थियों ने स्थान पाया है। डॉ. अमित बंसल ने विद्यार्थियों को परीक्षा में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को ऐसी प्रतियोगिता व परीक्षा में अवश्य भाग लेना चाहिए। इससे विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है। इस दौरान परीक्षा का संचालन सचिव अमित कुमार गर्ग ने किया। वहीं, कार्यक्रम संस्कार संयोजक विनय बंसल, सह-संयोजक महेश अग्रवाल की देखरेख में परीक्षा हुई।