- केंद्रीय भूजल प्राधिकरण ने लगातार शिकायत आने पर भेजा पत्र, करनी होगी कार्रवाई
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। केंद्रीय भूजल प्राधिकरण (सीजीडब्ल्यूए) ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा में भूजल दोहन बंद नहीं होने पर उत्तर प्रदेश भूजल विभाग को पत्र लिखकर रिपोर्ट मांगी है। विभाग को कार्रवाई कर रिपोर्ट देनी होगी। आरोप है कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बिल्डर प्रोजेक्टों में लगातार भूजल दोहन की शिकायतें आ रही है। उसके बाद भी कार्रवाई नहीं की जा रही है। सीजीडब्ल्यूए ने शिकायतों पर अब तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी मांगी हैं।
शिकायतकर्ता विक्रांत तोंगड़ ने बताया कि नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बिल्डर प्रोजेक्टों में बड़े स्तर पर भूजल दोहन हो रहा है। प्रोजेक्टों में 50 से अधिक बोरवेल की मदद से भूजल के साफ पानी को गंदे नाले में डाला जा रहा है। सबसे बड़ी परेशानी यमुना नदी के किनारे बन रहे प्रोजेक्टों में आ रही है। आरोप है कि सेक्टर 153 और 145 के प्रोजेक्टों में बड़े स्तर पर बिल्डर भूजल दोहन कर रहे हैं। इसकी लगातार शिकायतें की जा रही है, लेकिन किसी स्तर पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। परेशान होकर सीजीडब्ल्यूए में शिकायत की गई। भूजल दोहन से जिले का भूजल स्तर लगातार गिर रहा है। शिकायतों का संज्ञान लेकर सीजीडब्ल्यूए ने उत्तर प्रदेश राज्य भूजल विभाग को पत्र लिखा है। जिसमें भूजल दोहन पर कड़ी कार्रवाई करने और इसकी रिपोर्ट देने का आदेश दिया है।