महिला मित्र के साथ घूम रहे आईटी कंपनी के सीईओ से मारपीट
कोर्ट के आदेश पर कोतवाली सेक्टर-24 पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। महिला मित्र के साथ घूम रहे आईटी कंपनी के सीईओ के साथ मारपीट, लूटपाट के मामले में कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है। करीब एक महीने पहले हुई इस घटना की जांच पुलिस कर रही है। पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
मयूर विहार फेज-3 निवासी विशेष नागर ने कोर्ट में अर्जी दी है कि वह सेक्टर-4 स्थित एक आईटी कंपनी में सीईओ है। वह कंपनी में काम करने वाली एक महिला मित्र के साथ 25 मई की शाम नोएडा में घूम रहे थे। देर रात घूमने के बाद वह महिला मित्र को छोड़ने के लिए उसके घर सेक्टर-23 पहुंचे, जहां अचानक स्कार्पियो सवार तीन लोग आ गए और उनकी महिला मित्र को अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित के साथ जमकर मारपीट की। आरोप है कि उनके गले से सोने की चेन लूट ली। आरोपियों ने पिस्टल तानकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने घटना के बाद पुलिस से शिकायत की थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की। अब कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।