नोएडा। अक्षय कालरा हत्याकांड के बाद से कमिश्नरेट पुलिस ने जिले की सीमाओं, चौराहों एवं व्यस्त स्थानों को तीसरी आंख की जद में लाने के लिए चिह्नित करना शुरू कर दिया था। पहले चरण में 38 ऐसे स्थानों को चिह्नित कर हाई रिजोल्यूशन कैमरों से लैस करने की तैयारी कर ली गई है। होली से पहले इन स्थानों पर कैमरे लगा दिए जाएंगे। यह कैमरे ऐसे स्थानों पर भी लगेंगे, जहां से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों पर भी चालान की कार्रवाई की जा सके।
दरअसल, बीते 3 सितंबर की रात को बदमाशों ने सेक्टर-62 निवासी अक्षय कालरा से कार लूट के दौरान जानलेवा हमला किया था। 5 सितंबर को उसकी मौत हो गई थी। इस घटना के बाद कमिश्नरेट पुलिस ने उसी समय जिले की सीमाओं को चाक-चौबंद करने का खाका तैयार कर लिया था, लेकिन किसान आंदोलन के कारण पुलिस कोई काम नहीं कर पाई थी। अब पुलिस ने फिर से इस प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाया। इनमें सेक्टर-12/22 चौक, 12/22/56 तिराहा, लेबर चौक, सेक्टर-62 पानी की टंकी नंबर-21, सेक्टर-62 मॉडल टाउन , झुंडपुरा, सेक्टर-10 स्वानी फर्नीचर, नयाबांस चौक, अट्टा पीर चौक, स्पाइस मॉल चौक, सिटी सेंटर, सेक्टर-37 चौक, सेक्टर-49 चौक, नोएडा अथॉरिटी चौक, डीएनडी बॉर्डर, कालिंदी कुंज बॉर्डर व अशोक नगर बॉर्डर समेत 38 स्थानों को कैमरों से लैस किया जाएगा।
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आला अधिकारियों ने सीमाओं समेत अन्य मुख्य स्थानों को सीसीटीवी कैमरों के लिहाज से चिह्नित करने का निर्देश दिया था, जिसकी रिपोर्ट बनाकर भेज दी गई थी और अब होली तक कैमरे लगा दिए जाएंगे। कैमरों की निगरानी करने के लिए अलग से कंट्रोल रूम भी बनेगा।
-रजनीश वर्मा, एसीपी द्वितीय नोएडा जोन